भारतीय अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी लिमिटेड को लगातार चौथे वर्ष ‘उत्कृष्ट’ रेटिंग

IREDA has received an ‘Excellent’ rating for the fourth consecutive year


भारतीय अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी लिमिटेड (आईआरईडीए) ने वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (एमएनआरई) के साथ हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन (MoU) के निष्पादन में 98.24 (पूर्णांक 98) के उच्च स्कोर के साथ ‘उत्कृष्ट’ रेटिंग प्राप्त की है। यह लगातार चौथा वर्ष है जब आईआरईडीए को यह सर्वोच्च रेटिंग मिली है। यह उपलब्धि संगठन की परिचालन उत्कृष्टता और कॉर्पोरेट प्रशासन के उच्चतम मानकों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

आईआरईडीए ने बीते तीन वर्षों में भी लगातार असाधारण परिणाम दर्ज किए हैं।

  • वित्त वर्ष 2022-23: 93.50
  • वित्त वर्ष 2021-22: 96.54
  • वित्त वर्ष 2020-21: 96.93

इन सभी वर्षों में आईआरईडीए को ‘उत्कृष्ट’ रेटिंग प्राप्त हुई है। यह निरंतर उपलब्धियाँ भारत के नवीकरणीय ऊर्जा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए संगठन की दृढ़ प्रतिबद्धता को रेखांकित करती हैं।

आईआरईडीए के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक प्रदीप कुमार दास ने इस उपलब्धि पर कहा:

“लगातार चौथे वर्ष ‘उत्कृष्ट’ रेटिंग प्राप्त करना आईआरईडीए के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह हमारे कर्मचारियों के अथक प्रयासों, हितधारकों के अटूट विश्वास और भारत सरकार के मार्गदर्शन का परिणाम है। मैं इस सफलता में योगदान देने वाले सभी लोगों का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूँ। हम देश के हरित ऊर्जा परिवर्तन को गति देने और नवीकरणीय ऊर्जा लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

श्री दास ने प्रल्हाद जोशी, माननीय केंद्रीय मंत्री (नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा, उपभोक्ता मामले तथा खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण); श्री श्रीपद नाइक, माननीय राज्य मंत्री (विद्युत एवं नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा); श्री प्रशांत कुमार सिंह, सचिव, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय; मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों तथा निदेशक मंडल के प्रति उनके निरंतर समर्थन और अमूल्य मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।


 

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *